NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ऊना में बड़ी कार्रवाई: जीएसटी इंस्पेक्टर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ऊना/30/09/2025

dhiman

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने जिला मुख्यालय स्थित जीएसटी कार्यालय में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के इंस्पेक्टर अंशुल धीमान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

विजिलेंस के एसपी विरेंद्र कालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ऊना के एक्साइड बैटरी के सप्लायर ने गलत रिटर्न फाइल की थी, जिसकी राशि लगभग 5 से 6 लाख रुपये थी। इस मामले को निपटाने के लिए आरोपी इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 1.50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में यह डील 1.25 लाख रुपये में तय हुई।

शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। तय समझौते के अनुसार, मंगलवार को शिकायतकर्ता आरोपी को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने गया। उसी समय विजिलेंस की टीम ने दबिश देकर इंस्पेक्टर को नकदी के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई विजिलेंस डीएसपी फिरोज खान के नेतृत्व में की गई। विजिलेंस टीम ने रिश्वत की नकदी को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा सके।

इस घटना के बाद जीएसटी विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

यह गिरफ्तारी हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की सख्ती को दर्शाती है और प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Scroll to Top