ऊना में बड़ी पुलिस कार्रवाई—कैंटर से पकड़ी 200 पेटियां अवैध शराब, दो आरोपी गिरफ्तार
ऊना/02/11/2025
ऊना में नशाखोरी और अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नंगल की ओर से हिमाचल आ रहे एक कैंटर को कोटला कलां रेलवे क्रॉसिंग के पास रोका गया। जांच के दौरान ट्रक Ashoka Leyland (HP-07F-3465) से ओल्ड मोंक ब्रांड की 200 गत्ता पेटियां, यानी लगभग 2400 बोतलें अवैध शराब, बिना लाइसेंस और किसी दस्तावेज के बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि वाहन चंडीगढ़ से लेह की ओर जा रहा था और इसमें शराब की खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी।
ट्रक चालक दिले राम (निवासी—गम दोहल, जिला मंडी) और ट्रक के भीतर मौजूद अनीश कुमार (निवासी—बजूरी, जिला हमीरपुर) से जब शराब संबंधी कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस जगह सप्लाई किया जाना था, इसकी जांच जारी है। फिलहाल पूरी बरामदगी पुलिस द्वारा कब्जे में ले ली गई है और मामले की तहकीकात की जा रही है।
ऊना पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करी पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है और इसने जिले में सक्रिय अवैध शराब नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।