ऊना में युवती ने SDM पर शादी का झांसा देकर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया
ऊना/24/09/2025
ऊना। हिमाचल प्रदेश के युवा एसडीएम पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर रेप और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार, युवती ने पुलिस को बताया कि उनकी एसडीएम से सोशल मीडिया के जरिए बातचीत हुई थी। इसके बाद एसडीएम ने कई बार उन्हें अपने ऑफिस बुलाया। लगभग डेढ़ महीने पहले जब युवती एसडीएम के ऑफिस पहुंची, तो आरोप है कि उन्होंने कंधों पर हाथ रखा और बाजू से पकड़ लिया, साथ ही कहा कि “मैं आपसे शादी करना चाहता हूं।” विरोध करने पर एसडीएम ने कथित तौर पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने आरोप लगाया कि 10 दिन बाद एसडीएम ने ऊना के सरकारी रेस्ट हाउस में किसी अन्य नाम से कमरा बुक करवाया और उन्हें बुलाया। रात 10 बजे एसडीएम वहां पहुंचा और फिर से कथित तौर पर जबरदस्ती संबंध बनाए। युवती का कहना है कि जब उन्होंने शिकायत करने की कोशिश की, तो एसडीएम ने वीडियो ब्लैकमेलिंग का डर दिखाया और धीरे-धीरे उनसे संपर्क भी कम कर दिया।
इसके अलावा युवती ने पुलिस को बताया कि जब वह एसडीएम के घर गई, तो उन्हें धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया। युवती ने स्पष्ट किया कि एसडीएम ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर ब्लैकमेल किया।
एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस जांच और मेडिकल जांच करवाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
यह मामला हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों में शामिल है और इसे लेकर स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है।