NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शादी का झांसा देकर 8 साल तक करता रहा शोषण: सिपाही पर गंभीर आरोप, युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट

पीलीभीत/25/10/2025

SHOSHAN

पीलीभीत। यूपी पुलिस के एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर आठ वर्षों तक युवती का यौन शोषण करने, गर्भपात कराने और दहेज की मांग करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने सुनगढ़ी थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की एक युवती ने अमरोहा जिले के ग्राम फतेहउल्लापुर निवासी सिपाही मनदीप सिंह पर आरोप लगाया है कि उसने उसे शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रखा। आरोपी इस समय अमरिया क्षेत्र में डायल 112 पर कांस्टेबल के पद पर तैनात है। युवती ने बताया कि मनदीप पिछले आठ सालों से शादी का वादा करता रहा लेकिन हर बार बात टाल देता था।

वर्ष 2020 में जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और बाद में उसका जबरन गर्भपात करा दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो मनदीप ने गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। हालांकि, बाद में शादी का वादा करके मामला शांत कराया गया। इसके बाद भी आरोपी उसका लगातार यौन शोषण करता रहा और शादी के बदले 10 लाख रुपये दहेज की मांग करने लगा।

पीड़िता का कहना है कि हाल ही में 4 सितंबर को मनदीप ने फिर उसे शादी का झांसा देकर अमरिया बुलाया और जब उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे परेशान होकर युवती ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर सुनगढ़ी थाने में मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करता है, क्योंकि आरोपी खुद कानून व्यवस्था संभालने वाला कर्मी है, लेकिन अब उसी पर गंभीर अपराध का आरोप लगा है।

Scroll to Top