NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

यूपी की यूनिवर्सिटी में फिर सुसाइड का मामला, नर्सिंग छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान

मुरादाबाद/19/09/2025

suicide

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने सभी को हिला दिया है। यहां तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) की नर्सिंग की छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका का नाम दीक्षा बताया जा रहा है, जो मूलरूप से पड़ोसी जनपद संभल की रहने वाली थी। घटना के बाद छात्रा को गंभीर हालत में तुरंत यूनिवर्सिटी के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर ही हुई। अचानक छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के निजी जीवन, पढ़ाई के दबाव और अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब TMU यूनिवर्सिटी से ऐसा मामला सामने आया है। इससे पहले भी यहां कई छात्राएं और एक महिला प्रोफेसर तक बिल्डिंग से कूदकर जान दे चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतका दीक्षा की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवारवालों को जैसे ही खबर मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छात्रा के मोबाइल व अन्य व्यक्तिगत सामान की जांच के बाद ही असली कारणों का पता चल पाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों बार-बार इसी यूनिवर्सिटी से छात्राओं और शिक्षकों के सुसाइड के मामले सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जवाब-तलब किया जा रहा है।

Scroll to Top