अमेरिका ने पेश किया 21 सूत्रीय गाजा शांति प्रस्ताव, इस्राइल पीछे हटेगा और हमास निरस्त्रीकृत
वॉशिंगटन/28/09/2025
अमेरिका ने गाजा में युद्ध समाप्त करने और भविष्य में फलस्तीनी राज्य की संभावना बनाने के लिए 21 सूत्रीय शांति प्रस्ताव पेश किया है। इस प्रस्ताव के तहत इस्राइल को गाजा से अपनी सेना हटानी होगी और हमास को पूरी तरह हथियार छोड़ने होंगे। योजना में बंधकों की रिहाई, गाजा का पुनर्निर्माण, स्थानीय प्रशासन में तकनीकी विशेषज्ञों की भागीदारी और गाजा निवासियों को विस्थापित न करने जैसी अहम बातें शामिल हैं।
यह प्रस्ताव अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में साझा किया और इसमें गाजा के लोगों को वहीं रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ट्रंप प्रशासन ने पहली बार फलस्तीनी राज्य की संभावना को स्वीकार किया। योजना में इस्राइल के लिए भी कई फायदे हैं, जैसे हमास का पूरी तरह निरस्त्रीकरण, गाजा को आतंक मुक्त क्षेत्र बनाना और वहां के लोगों को चरमपंथी विचारधारा से दूर करना।
इस प्रस्ताव का इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने इसे "पागलपन" करार दिया और कहा कि येरुशलम के पास फलस्तीनी राज्य बनाना असंभव है। इसके बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशा जताई कि क्षेत्रीय देशों और हमास के साथ वार्ता जारी रहेगी और ठोस समझौता जल्द संभव होगा।
प्रस्ताव की मुख्य बातें:
इस्राइल गाजा से सेना हटाएगा और सैन्य अभियान रोक देगा।
सभी बंधकों और कैदियों की रिहाई।
हमास के सैन्य ढांचे, सुरंगों और हथियार नष्ट होंगे।
गाजा का प्रशासन फलस्तीनी तकनीकी विशेषज्ञों के हाथों में होगा, अंतरराष्ट्रीय निगरानी में।
गाजा का आर्थिक पुनर्निर्माण और विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा।
किसी भी निवासी को गाजा छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय सहायता और सुरक्षा बल तैनात होंगे।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को चरमपंथ से दूर किया जाएगा।
भविष्य में फलस्तीनी राज्य का मार्ग तैयार होगा।
यह योजना गाजा में स्थायी शांति और विकास के लिए रोडमैप के रूप में पेश की गई है और अमेरिका, इस्राइल और फलस्तीन के बीच राजनीतिक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।