6 साल के बेटे की हत्या कर भागी अमेरिका की मोस्ट वांटेड महिला सिंडी रोड्रिग्ज भारत में गिरफ्तार, ₹2.17 करोड़ का इनाम था घोषित
अमेरिका की सबसे वांटेड अपराधियों में शामिल 40 वर्षीय सिंडी रोड्रिग्ज सिंह को भारत में गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने 20 अगस्त को इसकी पुष्टि की। सिंडी पर अपने 6 साल के बेटे नोएल रोड्रिग्ज अल्वारेज की हत्या, झूठे बहानों से कानून से बचने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार रहने जैसे संगीन आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी पर एफबीआई ने 2.17 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।
सिंडी रोड्रिग्ज सिंह का जन्म 1985 में अमेरिका के टेक्सास राज्य में हुआ था और वह डलास की रहने वाली है। लंबे समय से एफबीआई की टॉप 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में उसका नाम शामिल था। 2022 में उस पर अपने बेटे नोएल की हत्या का आरोप लगा था। नोएल को आखिरी बार अक्टूबर 2022 में देखा गया था, जबकि उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मार्च 2023 में दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि सिंडी ने अधिकारियों को गुमराह करते हुए कहा था कि उसका बेटा मेक्सिको में अपने जैविक पिता के साथ रह रहा है।
यह मामला तब उजागर हुआ जब टेक्सास के चाइल्ड वेलफेयर विभाग ने नोएल की भलाई (वेलफेयर चेक) के लिए पुलिस से संपर्क किया। जांच में पता चला कि बच्चे की मौजूदगी का कोई सबूत नहीं है। इसके बाद मामला गंभीर हो गया और जांच एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी।
एफबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंडी की शादी अर्शदीप सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी और उनके 7 बच्चे थे। लेकिन जब उसने अमेरिका छोड़ने की योजना बनाई तो वह केवल अपने पति और 6 बच्चों को लेकर भारत आई। नोएल उसके साथ नहीं था। 31 अक्टूबर 2023 को टेक्सास की अदालत ने सिंडी के खिलाफ हत्या का औपचारिक आरोप लगाया और नवंबर 2023 में उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया।
एफबीआई ने शुरुआत में सिंडी की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी पर 25,000 डॉलर (करीब ₹21.75 लाख) का इनाम रखा था, जिसे बाद में बढ़ाकर 2.17 करोड़ रुपये कर दिया गया। इस बढ़ोतरी के बाद वह एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में और ऊपर चली गई।
सिंडी को भारत में एफबीआई, अमेरिकी न्याय विभाग और भारतीय जांच एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया। एफबीआई के पूर्व अफसर काश पटेल ने कहा कि यह पिछले 7 महीनों में चौथी बार है जब एफबीआई की टॉप 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में से किसी को पकड़ा गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अंतरराष्ट्रीय सहयोग और फील्ड एजेंट्स की मेहनत को दिया।
अब सिंडी को अमेरिका प्रत्यर्पित किया जाएगा, जहां उस पर बेटे की हत्या, अवैध रूप से देश छोड़ने और अदालत से बचने की साजिश जैसे गंभीर आरोपों का सामना करना होगा।