ऊना में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 6 वाहन अवैध लकड़ी समेत जब्त, सीमावर्ती इलाकों में तस्करों में हड़कंप
ऊना/26/10/2025
ऊना। डीएफओ ऊना सुशील राणा के दिशा-निर्देश पर वन विभाग ने रविवार को अम्ब रेंज में तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीमों ने अवैध लकड़ी की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए छह वाहनों को जब्त किया, जिनमें कीमती लकड़ी भरी हुई थी। इस सख्त कार्रवाई से लकड़ी माफिया में हड़कंप मच गया है।
अम्ब वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल ठाकुर ने बताया कि बीते कुछ दिनों से विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा की सीमाओं से अवैध लकड़ी की ढुलाई की जा रही है। जांच में बात सच पाई गई, जिसके बाद विशेष अभियान शुरू किया गया।
रविवार तड़के सुबह 4 से 7 बजे के बीच तीन अलग-अलग टीमों ने नाकाबंदी कर छह वाहनों को पकड़ा, जो बिना किसी वैध परमिट के कीमती लकड़ी का परिवहन कर रहे थे। जब्त किए गए वाहनों में आम, शहतूत, सिरस, सफेदा और कामल जैसी लकड़ियाँ भरी थीं। इनमें से चार वाहन ऊना जिले के हैं, जबकि एक-एक वाहन हमीरपुर और कांगड़ा जिले से संबंधित बताया गया है।
डीएफओ ऊना के आदेशानुसार सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है और संबंधित चालकों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन अधिकारी राहुल ठाकुर ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति अवैध तस्करी में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।