13 अक्टूबर को वीरभद्र सिंह की विशाल प्रतिमा का अनावरण, विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेशवासियों को आमंत्रित किया
शिमला/06/10/2025
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आगामी 13 अक्तूबर को शिमला के रिज मैदान पर आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता और छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसे उन्होंने ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर करार दिया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि उस महान नेता के योगदान को याद करने का भी है, जिन्होंने अपना जीवन हिमाचल प्रदेश के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, पर्यटन और संस्कृति के लिए समर्पित किया।
मंत्री ने आगे कहा कि वीरभद्र सिंह हिमाचल की आत्मा थे, जिन्होंने हर घाटी, हर गांव और हर व्यक्ति को अपने परिवार की तरह अपनाया। प्रतिमा का अनावरण न केवल एक स्मारक है, बल्कि उनके मूल्यों, समर्पण और जनसेवा की भावना का प्रतीक भी है।
विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सपरिवार इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल हों और उस विभूति को नमन करें जिसने हिमाचल को आधुनिक, विकसित और गौरवशाली राज्य के रूप में पहचान दिलाई।