विदेश में नौकरी का सुनहरा मौका — यूएई में डिलीवरी राइडर्स के पद, हिमाचल के युवाओं के लिए खुला बड़ा अवसर
ऊना/18/11/2025
विदेश में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए हिमाचल प्रदेश से बेहद महत्वपूर्ण सूचना आई है। श्रम एवं रोजगार विभाग तथा एचपीएसइडीसी की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नौकरी का एक आकर्षक अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। ऊना जिला रोजगार कार्यालय के माध्यम से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए मैसर्ज जेएसडीसी ग्रुप ऑफ कंपनीज़ में डिलीवरी राइडर्स के पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है और उम्मीदवार को बेसिक इंग्लिश का ज्ञान होना चाहिए। आयु सीमा 20 से 37 वर्ष तय की गई है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी को रंग दृष्टि-दोष (Color Blindness) नहीं होना चाहिए और गर्दन व मुंह पर टैटू भी स्वीकार्य नहीं होंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 2500 एइडी वेतन, यानी लगभग 70,000 से 1,00,000 रुपये तक की सैलरी दी जाएगी। कार्य समय में प्रति दिन 10 घंटे ड्यूटी और सप्ताह में 6 दिन काम शामिल है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 नवंबर 2025 तक विभाग द्वारा जारी गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। यह लिंक जिला रोजगार कार्यालय ऊना के फेसबुक पेज पर भी उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय के संपर्क नंबर 01975-226063 पर कॉल कर सकते हैं।
यह अवसर उन युवाओं के लिए खास है जो बेहतर वेतन, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और विदेश में काम का मौका तलाश रहे हैं।