NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

महिला पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार पर बोले विक्रम ठाकुर – तुरंत हो कार्रवाई, भाजपा रखेगी पैनी नजर

धर्मशाला/15/09/2025

vikarm tahkur

धर्मशाला। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम सिंह ठाकुर ने महिला पुलिस अधिकारी से हुए दुर्व्यवहार के मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा इस गंभीर प्रकरण में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी और कार्यकर्ता हर स्थिति पर पैनी नजर रखेंगे।

विक्रम ठाकुर ने बताया कि हाल ही में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता ने महिला पुलिस अधिकारी के साथ अनुचित व्यवहार किया। इस घटना से आहत होकर अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर ही रो पड़ीं, लेकिन तत्कालीन ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से उन्हें सहयोग नहीं मिला। ठाकुर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

भाजपा नेता ने प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी का आभार जताया और कहा कि तिवारी ने धर्मशाला में साफ कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होगी तथा गहन जांच कराई जाएगी। ठाकुर ने कहा कि डीजीपी की यह घोषणा स्वागतयोग्य है। इससे न केवल पीड़ित अधिकारी को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है, बल्कि जनता के मन में भी विश्वास बहाल होगा।

उन्होंने दोहराया कि भाजपा कार्यकर्ता इस पूरे मामले पर बारीकी से निगरानी रखेंगे ताकि राजनीतिक दबाव डालकर दोषियों को बचाया न जा सके। भाजपा हमेशा महिला सुरक्षा और अधिकारियों की गरिमा की पक्षधर रही है और इस बार भी यही प्रतिबद्धता निभाई जाएगी।

विक्रम ठाकुर ने कहा कि हमारे अधिकारी शासन व्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि उन्हें अपमानित किया जाएगा तो जनता का विश्वास हिल जाएगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि भाजपा ऐसा कभी होने नहीं देगी और इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

Scroll to Top