विक्रमादित्य सिंह ने ‘वोट चोर, कुर्सी छोड़’ अभियान की शुरुआत की
वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होने का किया आह्वान
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने और राहुल गांधी के ‘वोट चोर, कुर्सी छोड़’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा और जनमत के सम्मान के लिए बेहद आवश्यक है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि “हमें लोगों को जागरूक करना होगा ताकि जनमत का अपमान न हो और लोकतंत्र की मूल भावना मजबूत बनी रहे।”
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान की शुभ शुरुआत विक्रमादित्य सिंह ने स्वयं अपने हस्ताक्षर से की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि “यह केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है।”
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी घोषणा की कि 13 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय होगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि “जनभावना के अनुरूप कांग्रेस सरकार ने आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की है। शिमला ग्रामीण उनकी कर्मभूमि रही है और इस क्षेत्र से उनका गहरा पारिवारिक रिश्ता रहा है।”
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से इस आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया ताकि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान को श्रद्धांजलि दी जा सके।
बैठक में पूर्व विधायक सोहन लाल, सहकारी बैंक निदेशक हरिकृष्ण हिमराल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चंदर शेखर, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, रीना कश्यप, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष सरोज शर्मा और खेमा चंद सहित कई नेताओं ने भाग लिया।
सभी ने अपने संबोधन में वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। नेताओं ने इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।