NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

फिर परिणय सूत्र में बंधेंगे मंत्री विक्रमादित्य सिंह , 22 सितम्बर को चंडीगढ़ में होगी शादी

vikaramaditiya

शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह जल्द ही एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वे आगामी 22 सितम्बर को चंडीगढ़ में विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी में परिवार और नजदीकी रिश्तेदारों की मौजूदगी रहेगी।
विक्रमादित्य सिंह की होने वाली धर्मपत्नी अमरीन कौर सेखों हैं, जो पंजाब यूनिवर्सिटी के साइकोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ है और विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

राजनीति में अहम चेहरा
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल की राजनीति का जाना-माना नाम हैं। वे बुशहर राजघराने से ताल्लुक रखते हैं और 17 अक्टूबर 1989 को जन्मे। दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफन्स कॉलेज से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रहने के बाद वे शिमला ग्रामीण सीट से विधायक बने और राज्य सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उनकी मां प्रतिभा सिंह इस समय मंडी से सांसद हैं।

राजस्थान से भी रहा है रिश्ता
यह पहली बार नहीं है जब विक्रमादित्य परिणय सूत्र में बंध रहे हैं। वर्ष 2019 में उनकी शादी राजस्थान के अमेट राजघराने की राजकुमारी सुदर्शना चुंडावत से हुई थी। शादी उदयपुर के कनोता गढ़ पैलेस में शाही अंदाज में संपन्न हुई थी, जिसमें राजनीति, उद्योग और फिल्म जगत की बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया। शादी के लगभग डेढ़ साल बाद दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए और सुदर्शना अपने पीहर उदयपुर लौट गईं।

सुदर्शना की शिकायत और कोर्ट केस
सुदर्शना चुंडावत ने पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में मामला कोर्ट तक पहुंचा और उदयपुर की फैमिली कोर्ट ने विक्रमादित्य सिंह को सुदर्शना को अंतरिम भरण-पोषण के तौर पर 4 लाख रुपये प्रतिमाह देने के आदेश दिए थे।

समर्थकों में उत्साह
हालांकि सियासी उठापटक के बीच मंत्री पद से इस्तीफा देने जैसे घटनाक्रम भी सामने आए हैं, लेकिन फिलहाल समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच उनके विवाह की खबर को लेकर काफी उत्साह है।

Scroll to Top