विमुक्त रंजन को राष्ट्रपति पदक, रजनीश और आशा को सराहनीय सेवा पदक
शिमला। 15/08/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश के तीन जांबाज़ अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और अनुकरणीय सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में अपनी सेवाएं दे रहे हिमाचल कैडर के 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी विमुक्त रंजन को राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक प्रदान किया गया है। वहीं, होमगार्ड्स में तैनात प्लाटून कमांडर रजनीश और क्षेत्र लीडर आशा देवी को सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है। आईपीएस अधिकारी विमुक्त रंजन, जो वर्तमान में धर्मशाला में दलाई लामा की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। उन्होंने SPG में अपनी सेवा के दौरान सुरक्षा और संचालन के उच्चतम मानकों का पालन करते हुए बेहतरीन कार्य किया है। इससे पहले भी उन्हें उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस प्रशंसा प्रमाण पत्र मिल चुके हैं। प्लाटून कमांडर रजनीश, जो कि होमगार्ड्स के अवतेयता प्लाटून में कमांडर हैं, ने चंबा जिले के बालू पुल और मणिकर्ण घाटी के चमड़ा नाला क्षेत्र में आई आपदा के समय उल्लेखनीय कार्य किया था। विशेष रूप से हिमरी पुल (कुल्लू) के पुनर्निर्माण कार्य में उन्होंने प्रशासन को सक्रिय सहयोग दिया। इसके साथ ही वह सामुदायिक आधारित आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम (CBDRR), राजकीय आपातकालीन सेवा और नागरिक सुरक्षा कार्यक्रमों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्हें महामहिम राज्यपाल द्वारा "महानिदेशक नागरिक सुरक्षा प्रशंसा प्रमाण पत्र" से भी सम्मानित किया गया था। वहीं, क्षेत्र लीडर आशा देवी वर्ष 1991 से होमगार्ड्स से जुड़ी हुई हैं और अब तक 34 वर्षों की सेवा दे चुकी हैं। वे वर्तमान में होमगार्ड्स राज्य मुख्यालय, प्रशिक्षण शाखा में कार्यरत हैं। उन्होंने न केवल संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को बेहतरीन ढंग से निभाया है, बल्कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्य में अनुशासन, कर्मठता, दक्षता और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। तीनों अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिले इन सम्मानों ने न केवल उनके परिवार और विभाग का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। ये सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, निष्ठा और सेवा भावना का प्रमाण हैं।