सोलन के धर्मपुर से दो नाबालिग लापता ,26 अक्तूबर से गायब भाई-बहन की तलाश में जुटी पुलिस
सोलन | हिमाचल प्रदेश के सोलन ज़िले के धर्मपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बाथोल क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है।
पहले मामले में 16 वर्षीय योगेश पुत्र कमल कुमार, निवासी नियर पीएनबी बैंक, बाथोल, डाकघर धर्मपुर, कसौली, जिला सोलन, 26 अक्तूबर से घर से लापता है। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस थाना धर्मपुर में दी।
दूसरे मामले में 19 वर्षीय रिया पुत्री कमल कुमार भी उसी पते से लापता बताई गई है। दोनों भाई-बहन 26 अक्तूबर 2025 से घर से गायब हैं और अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस थाना धर्मपुर के प्रभारी ने बताया कि दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के इलाकों, बस स्टैंडों और संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को योगेश या रिया के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत धर्मपुर थाना या नज़दीकी पुलिस चौकी को सूचित करें।
पुलिस ने दोनों के फोटो आसपास के क्षेत्रों में चस्पा कर दिए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की जा रही है ताकि जल्द से जल्द दोनों को सुरक्षित घर लौटाया जा सके।