NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हरियाणा का मोस्ट वांटेड बदमाश धौलू मनाली से दबोचा — ऑपरेशन ‘ट्रैक डाउन’ में एसटीएफ की बड़ी सफलता

चंडीगढ़/18/11/2025

opretion td

हरियाणा पुलिस को ऑपरेशन ‘ट्रैक डाउन’ के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ पलवल की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे नूंह जिले के कुख्यात बदमाश राहुल उर्फ धौलू को हिमाचल के मनाली से गिरफ्तार कर लिया। धौलू पर ₹5000 का इनाम घोषित था और वह हरियाणा व दिल्ली–एनसीआर में डकैती, यौन अपराध, अपहरण, हत्या के प्रयास और धमकी जैसे सात अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस की तकनीकी जांच और गुप्त जानकारी के आधार पर उसे मनाली में दबोचा गया। उस पर दर्ज मामलों में 2014 में थाना सदर नूंह में यौन अपराध और अपहरण, 2020 में सदर सोहना में डकैती, 2021 में गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 में मारपीट का केस और 2022 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर डकैती सहित कई गंभीर आरोप शामिल हैं। धौलू को सोहना के एक मामले में अदालत प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गुरुग्राम पुलिस के पीओ स्टाफ के हवाले कर दिया गया।

उधर, 5 से 16 नवंबर 2025 तक चलाए गए ऑपरेशन ‘ट्रैक डाउन’ ने राज्य में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की आक्रामक नीति को और मजबूत किया है। इस 12-दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, झपटमारी, अपहरण और आर्म्स एक्ट से जुड़े 518 मामलों में 670 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य मामलों में 2724 अतिरिक्त गिरफ्तारियाँ हुईं। पुलिस ने राज्यभर में 179 हिस्ट्रीशीट खोलकर कई पुराने अपराधियों की निगरानी भी बढ़ाई। अभियान में हथियारों की भी भारी बरामदगी हुई है, जिनमें पिस्तौल, देसी कट्टे, कारतूस, रिवॉल्वर और बंदूकें शामिल हैं।

अभियान के अंतिम दिन यानी 16 नवंबर को पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए राज्य में 48 गंभीर मामले दर्ज किए और इनमें शामिल 60 अपराधियों को गिरफ्तार किया। गुरुग्राम, पलवल, भिवानी और झज्जर इस दिन की कार्रवाई में सबसे सक्रिय रहे। सिर्फ एक दिन में 29 नए हिस्ट्रीशीट खोलकर पुलिस ने साफ संदेश दिया कि प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी। हरियाणा पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, और अपराध करने के बाद राज्य से भागना अब अपराधियों को बचा नहीं पाएगा।

Scroll to Top