NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं कर सकेंगे देव खेल की वीडियो, कमेटी ने लगाया प्रतिबंध

deities in himachal

बालीचौकी (फरेंद्र): देवभूमि हिमाचल प्रदेश में देवी-देवताओं की परंपराओं और गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए देवता कमेटियों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसकी पहल मंडी जिले की सराज घाटी के अधिष्ठाता बड़ा देव विष्णु मतलोड़ा सात हार कमेटी ने की है।

कमेटी ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब कोई भी व्यक्ति बड़ा देव विष्णु मतलोड़ा के देव खेल और गुप्त कार्यों की वीडियो या पोस्ट अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा नहीं कर सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समाज एवं समिति स्तर पर दंडात्मक कार्रवाई के साथ सामाजिक बहिष्कार तक किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि देवता के नाम से बने सभी अनाधिकृत अकाउंट तुरंत प्रभाव से बंद किए जाएं। साथ ही देवता से जुड़ी किसी भी तरह की भ्रामक सूचना, अफवाह या गलत कैप्शन डालने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। देवता से जुड़ी धार्मिक और सामाजिक सूचनाएं अब केवल आधिकारिक अकाउंट से ही साझा की जाएंगी, जिस पर सात हार कमेटी का पूर्ण नियंत्रण रहेगा।

देव छाजणु कमेटी के प्रधान बीरवल ने कहा कि देवभूमि के अठारह करड़ू देश-दुनिया का भला करते हैं। यदि उनके नियमों का पालन किया जाए तो आपदा कभी नहीं आएगी। उन्होंने प्रदेश में हाल ही में हुई तबाही को मानव की लापरवाही का परिणाम बताया और लोगों से देव परंपराओं का सम्मान करने की अपील की।

ओम ठाकुर, अध्यक्ष, देव विष्णु मतलोड़ा कमेटी सात हार ने कहा कि देव खेल और प्राचीन स्थलों की वीडियो बनाना और उन्हें सोशल मीडिया पर डालना अब पूरी तरह से प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई होगी।

लोगों ने देव परंपरा और समाज की एकता को बनाए रखने के इस निर्णय की सराहना की है।

Scroll to Top