नेपाल की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री होंगी सुशीला कार्की
काठमांडू। नेपाल में लंबे समय से चल रहे राजनीतिक गतिरोध के बीच अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश की अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया है। संसद भंग कर दी गई है और सुशीला कार्की शीघ्र ही शपथ लेंगी। यह नेपाल के इतिहास में पहला अवसर होगा जब कोई महिला प्रधानमंत्री के पद पर बैठेगी।
सूत्रों के अनुसार, सुशीला कार्की आगामी चुनाव तक देश का मार्गदर्शन करेंगी। माना जा रहा है कि चुनाव अगले छह महीने से एक वर्ष के भीतर हो सकते हैं।
सुशीला कार्की के नाम पर आम सहमति जेन-जी आंदोलनकारियों और अन्य राजनीतिक समूहों के बीच बनी। पहले इस पद के लिए बालेन्द्र शाह और कुलमान घीसिंग के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन अंततः सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम नियुक्त करने पर सहमति बनी।
नेपाल के राष्ट्रपति ने राजनीतिक दलों और संवैधानिक विशेषज्ञों से चर्चा के बाद नए नेतृत्व का रास्ता साफ किया। विशेषज्ञों का मानना है कि संसद को भंग कर अंतरिम सरकार का गठन देश को स्थिरता की ओर ले जाने का बेहतर विकल्प था।
उधर, नेपाल में धीरे-धीरे शांति बहाल हो रही है। कई जगहों पर कर्फ्यू में ढील दी गई है और जनजीवन सामान्य होने लगा है। स्थानीय प्रशासन भी जमीनी स्थिति को देखते हुए पाबंदियों को चरणबद्ध तरीके से हटाने पर विचार कर रहा है।